राँची के जे.के. सेलिब्रेशन बैंक्वेट हॉल, डिबडीह, अरगोड़ा में रविवार को यूनियन बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन, झारखंड का 8वाँ त्रैवार्षिक महासभा सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी प्रतिनिधियों और सदस्यों ने हिस्सा लिया।
महासभा में संगठन की पिछली अवधि की गतिविधियों और उपलब्धियों पर चर्चा की गई। इस दौरान महासचिव की रिपोर्ट और लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया गया। अधिकारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, संगठन की आगामी कार्ययोजना और बैंकिंग क्षेत्र में सामने आ रही नई चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
सम्मेलन में संगठन के पदाधिकारियों का चुनाव मुख्य आकर्षण रहा। चुनाव में उज्ज्वल प्रकाश लकड़ा को अध्यक्ष और ज्योत्स्नेश्वर पांडेय को महासचिव बनाने वाली टीम ने अपने प्रतिद्वंद्वी पैनल को भारी मतों के अंतर से पराजित किया। उज्ज्वल प्रकाश लकड़ा और ज्योत्स्नेश्वर पांडेय दोनों अपने-अपने पदों पर पुनः निर्वाचित हुए।
जीत के बाद उज्ज्वल प्रकाश लकड़ा और ज्योत्स्नेश्वर पांडेय ने सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जीत पूरे झारखंड के अधिकारियों के विश्वास और एकजुटता की जीत है। उन्होंने अधिकारियों के हितों, सम्मान और अधिकारों के लिए काम करने तथा संगठन को और मजबूत बनाने की बात कही।
सम्मेलन में ऑल इंडिया यूनियन बैंक ऑफिसर्स फेडरेशन के महासचिव उपेंद्र कुमार और चेयरमैन प्रिया रंजन कुमार सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा दुर्गापुर-हावड़ा के महासचिव राजेश यादव, ओडिशा के महासचिव गौरीशंकर चौधरी और छत्तीसगढ़ के महासचिव रविशंकर दुबे भी सम्मेलन में उपस्थित रहे।
सम्मेलन के दौरान संगठन की एकता और अधिकारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर मिलकर काम करने पर जोर दिया गया।

