झारखंड के लिए मंगलवार का दिन गौरव का रहा। संताली लघु फिल्म ‘आंगेन’ के निर्देशक रवि राज मुर्मू को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में ‘Best Debut Film of a Director (Non-Feature)’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुजरात के एकता नगर में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
रवि राज मुर्मू झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा क्षेत्र से जुड़े हैं। ‘आंगेन’ को यह सम्मान मिलने के साथ ही पहली बार किसी संताली फिल्म को गैर-फीचर फिल्म श्रेणी में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला है।
12 मिनट की इस संताली लघु फिल्म ने स्थानीय भाषा और संस्कृति से जुड़ी कहानी को राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाया है। जुलाई 2026 में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा के दौरान ‘आंगेन’ को इस सम्मान के लिए चुने जाने की जानकारी सामने आई थी।
रवि राज मुर्मू की यह उपलब्धि संताली सिनेमा के साथ-साथ झारखंड के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

