वियतनाम में सड़क दुर्घटना में मृत राँची निवासी राजा कुमार बंसी का पार्थिव शरीर राँची लाने के लिए जिला प्रशासन राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत आवश्यक कार्रवाई कर रहा है। कैलाश नगर निवासी राजा कुमार बंसी की 25 सितंबर 2026 को वियतनाम में हुई सड़क दुर्घटना के बाद 26 सितंबर की अहले सुबह मृत्यु हो गई थी।
मंगलवार को मृतक के परिजनों ने समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित उपायुक्त कार्यालय में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री से मुलाकात की। इस दौरान उपायुक्त ने परिवार को हर संभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
जिला प्रशासन संबंधित विभागों से समन्वय कर पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द राँची लाने की प्रक्रिया में जुटा है। प्रशासन ने शोकाकुल परिवार को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई है। इस दौरान शांति समिति के सदस्य जय सिंह यादव, वार्ड संख्या-27 के पार्षद एवं मृतक के परिजन मौजूद रहे।

