राँची में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की बड़ी बैठक, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और संदिग्धों पर निगरानी के निर्देश
राँची में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को लेकर अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं पुलिस अधीक्षक यातायात की संयुक्त अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक और थाना प्रभारी शामिल हुए।

बैठक में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और नियमित पुलिस गश्ती को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जेल से जमानत पर बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों का सत्यापन कर उन पर विशेष निगरानी रखने तथा आदतन अपराधियों का बैड कैरेक्टर रजिस्टर अपडेट करने को कहा गया।

वहीं, आगामी छठ पूजा, जतरा और काली पूजा मूर्ति विसर्जन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन ने पर्व-त्योहारों के दौरान शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

