राँची में छठ घाटों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने किया निरीक्षण

राँची में छठ महापर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं सुविधाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर तीन फीट की गहराई के बाद बैरिकेडिंग, खतरनाक स्थानों पर चेतावनी संकेतक और संवेदनशील घाटों पर NDRF व SDRF की तैनाती के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा गोताखोरों, बचाव दल, पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और सुगम रास्तों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। हातमा, कांके डैम, बड़ा तालाब, जेल तालाब, धुर्वा, अरगोड़ा समेत 12 छठ घाटों का निरीक्षण किया गया। प्रशासन ने सभी घाटों पर समय से तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है।

