झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने वर्ष 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा के शुल्क में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। नई दरों के अनुसार, विद्यार्थियों को पिछले वर्ष की तुलना में 120 रुपये अधिक परीक्षा शुल्क देना होगा। पिछले दो वर्षों में परीक्षा शुल्क में लगभग 40 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। इससे राज्य के लगभग 7.50 लाख विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
जैक के अनुसार, मैट्रिक और इंटर परीक्षा-2027 के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया 12 नवंबर
से शुरू होगी। विद्यार्थी 26 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क के आवेदन कर सकेंगे। वहीं, विलंब शुल्क के साथ फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर निर्धारित की गई है। इसके लिए सभी श्रेणियों के विद्यार्थियों को 500 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
नई दरों के अनुसार, मैट्रिक में छात्राओं और ओबीसी, एससी एवं एसटी वर्ग के नियमित विद्यार्थियों को 1,100 रुपये, जबकि सामान्य एवं ईडब्ल्यूएस वर्ग के विद्यार्थियों को 1,300 रुपये देने होंगे। इंटर में इन श्रेणियों के लिए क्रमशः 1,220 और 1,520 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। प्राइवेट विद्यार्थियों के लिए मैट्रिक में 1,300 और इंटर में 1,520 रुपये शुल्क लगेगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2026 में जैक ने विभिन्न परीक्षाओं के शुल्क में 30 से 32 प्रतिशत तक की वृद्धि की थी। मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएँ फरवरी 2027 के पहले सप्ताह में शुरू होने की संभावना है।

