निशा भगत के परिजनों से मिलीं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर, न्याय का दिया भरोसा

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर बुधवार को गुमला पहुंचीं, जहां उन्होंने दिवंगत सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने झारखंड में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती उत्पीड़न की घटनाओं पर चिंता जताई।

निशा भगत मामले में राज्य सरकार द्वारा सीबीआई जांच की अनुशंसा का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि केवल जांच की अनुशंसा करना सरकार की जिम्मेदारी का अंत नहीं है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन को भी सख्त कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने बताया कि पहले ही डीजीपी से बात कर मामले में गंभीरता से कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अब राँची पहुंचकर पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर महिलाओं से जुड़े मामलों की समीक्षा करेंगी।

