राँची के कोकर इलाके से 9 मई से लापता 18 महीने की बच्ची अदिति पांडे का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने पर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने सदर थाना पहुंचकर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
भाजपा नेता संजीव विजयवर्गीय, रमेश सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से जल्द ठोस कार्रवाई कर बच्ची को सुरक्षित खोजने की मांग की।
परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिछले 12 दिनों से बच्ची के लापता रहने के बावजूद कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। मामले की जांच में एनडीआरएफ की टीम ने घर के पीछे नाले की तलाशी ली थी, वहीं नगर निगम की टीम ने आसपास के इलाकों में कई दिनों तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन अदिति का कोई पता नहीं चला।
लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच अब प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं।

