राजस्व संग्रहण एजेंसी का कार्यकाल खत्म होने के बाद अब राँची नगर निगम खुद टैक्स वसूली की कमान संभालेगा। नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई राजस्व शाखा की समीक्षा बैठक में वार्डवार लक्ष्य और बकाया वसूली को लेकर निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने हर वार्ड में हर महीने 500 बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर होल्डिंग टैक्स वसूलने का निर्देश दिया। साथ ही नए भवनों के आकलन, ट्रेड लाइसेंस का दायरा बढ़ाने और बकाया किराया वसूली पर जोर दिया गया।

अक्टूबर से हर वार्ड में राजस्व शिविर लगाए जाएंगे, जहां लोगों को स्थानीय स्तर पर टैक्स जमा करने की सुविधा मिलेगी। डिजिटल भुगतान को भी बढ़ावा दिया जाएगा। सरकारी जमीन पर चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के ट्रेड लाइसेंस की जाँच कर नियम उल्लंघन पर लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई होगी।
सुशांत गौरव ने कहा कि निगम को वित्तीय रूप से मजबूत और स्वावलंबी बनाने के लिए आंतरिक राजस्व बढ़ाना जरूरी है।

