गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की रविवार देर रात जामताड़ा में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, उसे साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल स्थानांतरित किया जा रहा था। रास्ते में पुलिस वाहन का टायर पंचर होने के बाद दूसरी गाड़ी में बैठाने के दौरान उसने एक जवान की सर्विस राइफल छीनकर पुलिस पर फायरिंग करने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसकी मौत हो गई। साहिबगंज एसपी अमित सिंह और जामताड़ा एसपी शंभु सिंह ने घटना की पुष्टि की है।
सुजीत सिन्हा पर हत्या, रंगदारी, फायरिंग, आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध के कई मामले दर्ज थे। पुलिस के अनुसार, वह जेल में रहते हुए भी अपने गैंग का संचालन कर रहा था।

