झारखंड के 24 जिलों से राँची पहुंचे हजारों JPSC और JSSC अभ्यर्थियों का आक्रोश अब और मुखर होता जा रहा है। पिछले नौ दिनों से सत्याग्रह पर बैठे अभ्यर्थियों ने आज राँची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस निकालकर परीक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं में वर्षों से होती आ रही कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। अभ्यर्थियों का कहना है कि यह आंदोलन किसी एक परीक्षा या एक भर्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और न्याय की लड़ाई है। हाथों में जलती मशाल और बुलंद नारों के साथ युवाओं ने सरकार से निष्पक्ष जाँच, दोषियों पर कार्रवाई और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग दोहराई। उनका कहना है कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका सत्याग्रह और संघर्ष जारी रहेगा।
राँची में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का मशाल जुलूस, भर्ती में पारदर्शिता की मांग | Ranchi JPSC-JSSC Aspirants Torch March Demanding Transparent Recruitment

