लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राँची नगर निगम ने घाटों पर तैयारियाँ तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने मंगलवार को निगम की टीम के साथ धुर्वा डैम, तिरिल छोटा डैम, जगन्नाथपुर तालाब और हेसग तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, जलस्तर, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने छठ पूजा समितियों के सदस्यों से भी बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं और सुझावों की जानकारी ली।

धुर्वा डैम में जलस्तर बढ़ा होने के मद्देनजर खतरनाक स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग, बांस-बल्लियों से घेराबंदी और गहरे पानी की चेतावनी वाले बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया। घाट परिसर में घास की कटाई और विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ छठव्रतियों के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम तथा अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था करने को भी कहा गया।
तिरिल छोटा डैम में जमा जलकुंभी हटाने और घाट के आसपास सफाई कराने का निर्देश दिया गया। वहीं, जगन्नाथपुर तालाब के आसपास कचरा फेंकने और जलाशय में ठोस या तरल अपशिष्ट डालने पर रोक लगाने के साथ नियमों के अनुसार कार्रवाई करने को कहा गया। यहाँ गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी बैनर लगाने और हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

हेसग तालाब में घाटों की मरम्मत, रंग-रोगन और सौंदर्याकरण के साथ सीढ़ियों पर जमी काई साफ कराने को कहा गया, ताकि फिसलन से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका कम हो। जल की सफाई के लिए आवश्यकतानुसार ब्लीचिंग पाउडर और फिटकरी के उपयोग का निर्देश भी दिया गया।
नगर आयुक्त ने अंचल कार्यालयों की टीमों को अपने क्षेत्रों के छठ घाटों पर नियमित निगरानी रखने और तैयारियाँ समय पर पूरी कराने को कहा। उन्होंने छठ पूजा समितियों और स्थानीय नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने तथा जलाशयों में कचरा नहीं डालने की अपील की।

