16 जुलाई को होने वाली ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथयात्रा और रथ मेला को लेकर राँची जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। मंगलवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन सहित अन्य अधिकारियों के साथ रथयात्रा मार्ग और मौसीबाड़ी परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, साफ-सफाई और सभी मूलभूत सुविधाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को रथयात्रा मार्ग को पूरी तरह समतल, साफ और अतिक्रमण मुक्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क पर गड्ढे, कंकड़ या किसी भी प्रकार की बाधा नहीं होनी चाहिए, ताकि रथ के आवागमन और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। साथ ही बिजली विभाग को रथ मार्ग के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों को हटाने अथवा सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील भी की।
मौसीबाड़ी परिसर के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने टेंट, पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी वॉच टावरों को सक्रिय रखने और प्रत्येक वॉच टावर पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सड़क के डिवाइडर पर किसी भी प्रकार की दुकान नहीं लगने दी जाए, ताकि यातायात और भीड़ प्रबंधन सुचारु रूप से किया जा सके।

