ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ यात्रा 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से रथ यात्रा मार्ग एवं मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, स्वास्थ्य, विद्युत व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद नीलाद्री प्रशासनिक भवन में समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों को कई अहम निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने रथ यात्रा मार्ग को पूर्णतः अतिक्रमण मुक्त कराने, मेला क्षेत्र में पर्याप्त एंबुलेंस एवं मेडिकल टीम की तैनाती, खुले बिजली के तारों को हटाकर सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने, नियमित साफ-सफाई, बायो टॉयलेट और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने, 24 घंटे कंट्रोल रूम से निगरानी करने, फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को रेडी-टू-मूव स्थिति में रखने, खोया-पाया केंद्र स्थापित करने तथा मीडिया कवरेज के लिए वॉच टावर बनाने का भी निर्देश दिया गया। जिला प्रशासन ने जगन्नाथपुर मेला समिति को आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट बनाने, सभी स्वयंसेवकों को पहचान पत्र उपलब्ध कराने और उनका विस्तृत ब्रीफिंग सत्र आयोजित करने का भी सुझाव दिया।
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जगन्नाथपुर रथ यात्रा राँची की सांस्कृतिक धरोहर है और प्रशासन का प्रयास है कि इस वर्ष की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं भव्य हो। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। निरीक्षण एवं बैठक के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, नगर निगम, स्वास्थ्य, विद्युत, अग्निशमन, पथ निर्माण विभाग सहित जगन्नाथपुर मंदिर समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे।

