राँची समेत पूरा झारखंड इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। कुछ इलाकों में बादल छाने के बाद उमस और बढ़ गई है, जिससे लोगों को और ज्यादा परेशानी हो रही है। हालात ऐसे हैं कि गर्मी ने जन-जीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।
दोपहर में सड़कों पर ट्रैफिक काफी कम हो जा रहा है और बाजारों में भी सन्नाटा देखने को मिल रहा है। आमजन जरूरी काम होने पर ही घरों से निकल रहे हैं, वह भी शाम के समय जब सूरज की तपिश कम हो जाती है। हालांकि अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन गर्म हवा और उमस के कारण महसूस होने वाली गर्मी इससे कहीं ज्यादा रही।
मौसम विज्ञान केंद्र राँची के अनुसार 24 अप्रैल से मौसम में बदलाव के संकेत हैं। 24 से 28 अप्रैल के बीच राँची, पलामू, धनबाद, जमशेदपुर समेत 10 से अधिक जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात को लेकर भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।

