बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इसके कारण राँची समेत राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने 18 से 20 जुलाई तक राँची सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट घोषित किया है। शुक्रवार को रामगढ़ में सबसे अधिक 61 मिमी और राँची में 20 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
इसके अलावा चाईबासा में 20 मिमी, बोकारो और लोहरदगा में 10-10 मिमी, जमशेदपुर में 9 मिमी, कोडरमा में 7 मिमी तथा खूंटी में 5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार 18 जुलाई को राँची, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी और रामगढ़, 19 जुलाई को राँची, लातेहार, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, खूंटी और लोहरदगा तथा 20 जुलाई को राँची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लातेहार, लोहरदगा, गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 1 जून से 17 जुलाई तक झारखंड में सामान्य से 40 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। इस अवधि में राज्य में सामान्य वर्षापात 359.8 मिमी होना चाहिए था, जबकि अब तक केवल 216.8 मिमी बारिश हुई है। वहीं, राजधानी राँची में भी सामान्य से 24 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। हालांकि, मौसम विभाग को उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में होने वाली बारिश से वर्षा की कमी में कुछ सुधार हो सकता है। विभाग ने लोगों से भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

