राँची में पहुंची 135वें डूरंड कप 2026 की ट्रॉफी, फुटबॉल महाकुंभ का हुआ औपचारिक आगाज
एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप 2026 की ट्रॉफी शनिवार को राँची पहुंची। दीपाटोली मिलिट्री स्टेशन स्थित केरकेट्टा ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य ट्रॉफी शोकेस समारोह में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान डूरंड कप, प्रेसिडेंट्स कप और शिमला ट्रॉफी का प्रदर्शन किया गया।
मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि राँची में इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट का आयोजन झारखंड के लिए गौरव का विषय है और इससे राज्य की फुटबॉल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी। वहीं, मेजर जनरल सज्जन सिंह मान ने इसे भारतीय सेना की गौरवशाली परंपरा और खेल भावना का प्रतीक बताया।
डूरंड कप के मुकाबले 26 जुलाई से 16 अगस्त तक बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, राँची में आयोजित होंगे। देश की शीर्ष क्लब टीमों और सर्विसेज टीमों की भागीदारी से टूर्नामेंट के रोमांचक होने की उम्मीद है। ट्रॉफी शोकेस के साथ ही राँची में फुटबॉल महाकुंभ का औपचारिक आगाज हो गया है

