चक्रवाती प्रभाव के कारण झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग ने राज्य में 13 मई तक तेज हवा, गर्जन, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई है। इसे लेकर कई जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार आठ मई को राज्य के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर अन्य जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। इसके साथ कई इलाकों में गर्जन के साथ बारिश और वज्रपात के भी आसार हैं।
वहीं नौ और 10 मई को मौसम के और अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। राँची, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, खूंटी, लोहरदगा और गुमला समेत उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में येलो अलर्ट लागू रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार 13 मई तक राज्यभर में मौसम का यही उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। दिन में उमस और गर्मी का असर रहेगा, जबकि दोपहर बाद कई इलाकों में अचानक मौसम बदलने के साथ बारिश हो सकती है। गुरुवार को भी राँची में दिनभर तेज धूप के बाद शाम के समय कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई।
राज्य में सबसे अधिक 14 मिमी बारिश पूर्वी सिंहभूम के दारीसाई में रिकॉर्ड की गई। वहीं तापमान में भी बढ़ोतरी देखी गई। राँची का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मेदिनीनगर 37.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म इलाकों में शामिल रहा।

