भारतीय जनता पार्टी ने शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल राज्य का नया मुख्यमंत्री घोषित कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में आयोजित बीजेपी विधायक दल की बैठक में उनके नाम की औपचारिक घोषणा की। इस फैसले के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार को भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना जताई गई है। प्रशासन और पार्टी की ओर से तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
अमित शाह ने इस दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा, घुसपैठ और गौ तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि “घुसपैठिया मुक्त बंगाल” नई सरकार का मुख्य संकल्प होगा। शाह ने दावा किया कि बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने से देश की पूर्वी सीमाएं और मजबूत होंगी तथा घुसपैठ और गौ तस्करी पर प्रभावी रोक लगेगी। उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं के बलिदान को भी याद किया।

