राँची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से झारखंड प्रशासनिक सेवा के संयुक्त सचिव पद पर नवप्रोन्नत अधिकारियों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए नई जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने का भरोसा दिया। मौके पर राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी अधिकारियों को प्रोन्नति की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को आम जनता तक सही तरीके से पहुंचाने में प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी अधिकारी संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनहित, सुशासन और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर कार्य कर रही है। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक समय पर पहुंचाएं तथा प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाएं।
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले अधिकारियों में प्रवीण प्रकाश, विद्या भूषण कुमार, सचिंद्र बड़ाईक, प्रेम तिवारी, सत्यवीर रजक, सुमन पाठक, अमित बेसरा, महेंद्र कुमार, मोनी कुमारी, मोनिका रानी टूटी, रंजीत लोहरा, विजय विरुआ, मनीषा तिर्की, एनी सरोजिनी तिर्की एवं गीतांजलि शामिल थीं।

