सुरक्षित हवाई सफर में पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के साथ-साथ तकनीकी विशेषज्ञों की भी अहम भूमिका होती है। इसी योगदान को सम्मान देने के लिए गुरुवार को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, राँची में अंतरराष्ट्रीय एयर ट्रैफिक सेफ्टी इलेक्ट्रॉनिक्स पर्सनल (ATSEP) दिवस-2026 मनाया गया।
इस अवसर पर एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार, CNS प्रभारी अविनाश सोरेंग, विभिन्न विभागों के प्रमुख और CNS विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। तकनीकी कर्मियों के योगदान को सम्मान देने के लिए केक काटकर समारोह मनाया गया।

क्या है ATSEP और विमानन सुरक्षा में इसकी भूमिका?
ATSEP विमानन क्षेत्र के प्रशिक्षित तकनीकी विशेषज्ञ होते हैं, जो संचार, नेविगेशन और निगरानी से जुड़ी प्रणालियों के संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी संभालते हैं। इन प्रणालियों की मदद से पायलटों और एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों के बीच संपर्क बना रहता है तथा विमानों की दिशा और गतिविधियों पर नजर रखी जाती है।
राँची एयरपोर्ट पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) का CNS विभाग वीएचएफ संचार उपकरण, इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS), DVOR, DME, ADS-B और ऑटोमेशन सिस्टम जैसी महत्वपूर्ण तकनीकी प्रणालियों की देखरेख करता है। इनका निर्बाध संचालन हवाई यातायात को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

