राजधानी राँची में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने बीती रात शहर के हॉटस्पॉट इलाकों में सघन एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर संचालित किया गया।
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस टीमों ने वाहनों की सख्ती से जांच की, संदिग्ध लोगों से पूछताछ की और बिना कागजात वाले वाहनों पर कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य अपराधियों में डर पैदा करना और शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत करना है।
इस दौरान कांके में NLU के पास विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, वहीं कांटा टोली चौक पर लोअर बाजार व सदर थाना की संयुक्त कार्रवाई देखने को मिली। इसके अलावा मुक्तिधाम पुल के पास अरगोड़ा व सुखदेव नगर थाना द्वारा चेकिंग की गई, जबकि शहीद चौक पर कई थानों की टीम ने मिलकर कड़ी निगरानी रखी।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए तीनों एसपी भी सड़क पर नजर आए। सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, और ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर चेकिंग का जायजा लिया और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

