राँची में नारी सुरक्षा को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का आक्रोश प्रदर्शन।
राँची के कोतवाली थाना क्षेत्र में तीन साल की मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और एक डेंटल छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना के विरोध में रविवार को भाजपा महिला मोर्चा ने आक्रोश प्रदर्शन किया। 19 अप्रैल को आयोजित मशाल जुलूस में महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
यह मशाल जुलूस जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मशाल लेकर नारी सुरक्षा के समर्थन में नारेबाजी की और राज्य सरकार के खिलाफ कड़ा विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि लगातार हो रही ऐसी घटनाएं राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों में कानून का डर खत्म हो गया है, जिससे बेटियां असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
भाजपा महिला मोर्चा की ओर से मांग की गई कि दोनों मामलों के दोषियों को स्पीडी ट्रायल के जरिए जल्द से जल्द कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसे अपराधों पर रोक लग सके।
संगठन ने यह भी ऐलान किया कि 20 अप्रैल को राँची के एसएसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

