राँची समाहरणालय में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री एक्शन मोड में नजर आए। जनता दरबार में पहुंचे लोगों की समस्याओं पर त्वरित सुनवाई करते हुए कई मामलों में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
बिरसा चौक निवासी दिव्यांग पंकज कुमार अपनी मां के साथ जनता दरबार पहुंचे थे। उनकी समस्या सुनने के बाद जिला प्रशासन की ओर से उन्हें इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई गई। ट्राईसाइकिल मिलने के बाद पंकज और उनके परिजनों ने खुशी जताई। पंकज ने बताया कि उन्हें जनता दरबार में सहायता मिलने की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली थी।
जनता दरबार में जमीन, म्यूटेशन और मुआवजा से जुड़े कई मामले भी पहुंचे। सोनाहातू निवासी प्रकाश कुमार महतो ने जमीन के पंजी-2 में सुधार नहीं होने की शिकायत की, जिस पर उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारी को फटकार लगाते हुए जल्द निष्पादन का निर्देश दिया। वहीं सक्सेशन म्यूटेशन लंबित रहने की शिकायत पर शहर अंचल अधिकारी को भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
बेड़ो निवासी तेतरु उरांव ने अधिग्रहित जमीन के बदले मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। मामले में उपायुक्त ने भू-अर्जन कार्यालय से रिपोर्ट मांगी और प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जनता दरबार में जमीन पर अवैध कब्जे और मंईयां सम्मान योजना में गलत सत्यापन से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं, जिन पर संबंधित अधिकारियों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

