राँची सहित झारखंड के कई जिलों में अगले चार दिनों तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से 30 जून और 1 जुलाई को राँची में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार, इन दो दिनों के दौरान राज्य के मध्य भाग के राँची, बोकारो, खूंटी, रामगढ़ और धनबाद समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज तथा दक्षिणी क्षेत्र के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि 28 जून से 3 जुलाई तक राँची सहित राज्यभर में आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान अनेक स्थानों पर गर्जन और वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
लगातार बारिश के कारण अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

