राजधानी राँची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में घर में चोरी कर मोबाइल फोन और नकदी लेकर फरार होने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान काली स्थान रोड निवासी 19 वर्षीय मो. अदनान अंसारी और चर्च रोड नाजीर अली लेन निवासी 21 वर्षीय मो. अफसर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बीते 13 मई को नाजीर अली लेन निवासी अमन ने लोअर बाजार थाना में घर में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात चोर घर से मोबाइल फोन और नकदी लेकर फरार हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक चोरी के मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए रेडमी कंपनी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मो. अफसर का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ सदर थाना में चोरी का मामला दर्ज है।
इस कार्रवाई में लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह और एएसआई अजय कुमार सिंह की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य मामलों में भी जानकारी जुटा रही है।

