15 अगस्त को मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने बुधवार को समाहरणालय ब्लॉक-ए सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने और समारोह के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने भवन प्रमंडल को वाटरप्रूफ पंडाल, गैलरी, कुर्सियों, मंच, बैरिकेडिंग, मैदान के समतलीकरण और साउंड टॉवर की व्यवस्था समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। वहीं विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, अस्थायी शौचालय, वीआईपी टॉयलेट, मेडिकल कैंप, अग्निशमन और सड़कों की साफ-सफाई व मरम्मत की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया। जिला नजारत उपसमाहर्ता को मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम और अतिथियों के बैठने की समुचित व्यवस्था तैयार करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता और समन्वय के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया गया, ताकि समारोह गरिमामय और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। जानकारी के अनुसार इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह में कुल 14 प्लाटून परेड में हिस्सा लेंगी। साथ ही पहली बार ओडिशा पुलिस की टुकड़ी भी समारोह में शामिल होने की संभावना है, जिससे कार्यक्रम और अधिक आकर्षक बनेगा। राँची जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया है।

