इंद्रपुरी में घर के पास मारी गई थी गोली, पुलिस ने 11 मोबाइल फोन, फॉर्च्यूनर और i20 समेत कई वाहन किए बरामद
राँची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में 18 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर चल रहा पुराना विवाद एक व्यक्ति की हत्या की वजह बन गया। 18-19 नवंबर की रात इंद्रपुरी रोड नंबर-01 में अपराधियों ने 35 वर्षीय मिथलेश कुमार की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
इलाज के लिए रिम्स ले जाया गया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
पुलिस के अनुसार, 18-19 नवंबर की रात इंद्रपुरी रोड नंबर-01 में गोली चलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस गश्ती दल और पीसीआर टीम मौके पर पहुँची। गोली लगने से घायल मिथलेश कुमार (पिता जग नारायण महतो), निवासी इंद्रपुरी, सुखदेवनगर को तत्काल बेहतर इलाज के लिए रिम्स ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
18 लाख रुपये के उधार को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जाँच में सामने आया कि 18 लाख रुपये उधार वापस नहीं करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सूचना, तकनीकी सहायता और अन्य स्रोतों के आधार पर छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में ये हैं शामिल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक कुमार उर्फ लल्लू, विवेक कुमार उर्फ छोटू, आयुष कुमार सिंह, नितिन गुप्ता, राहुल कुमार और रोहित सिंह उर्फ देवा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है।
11 मोबाइल फोन और तीन वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन, एक काले रंग की बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली फॉर्च्यूनर कार, एक सफेद रंग की i20 कार (JH01DT8606) और एक काले रंग की स्कूटी (JH01DQ9573) बरामद की है। इसके अलावा घटनास्थल से एक खोखा भी मिला है। पुलिस शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

