JPSC-JSSC आंदोलन: मंत्रियों से छात्रों की वार्ता, 10 अगस्त तक ठोस निर्णय की मांग।
राँची के मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में शुक्रवार शाम JPSC-JSSC आंदोलनरत छात्रों और झारखंड सरकार की मंत्रिस्तरीय कमेटी के बीच महत्वपूर्ण वार्ता हुई। बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार, दीपिका सिंह और चमरा लिंडा ने छात्र प्रतिनिधिमंडल की मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना। वार्ता के बाद सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि छात्रों की सभी मांगों को सुना गया है और कमेटी इन पर विचार करेगी।
JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के छात्र प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बैठक में दोनों आयोगों से जुड़ी अनियमितताओं, सुधार और अन्य प्रमुख मांगों का तथ्यात्मक आधार सरकार के समक्ष रखा गया। छात्रों के अनुसार, मंत्रियों ने उनके तर्कों को उचित बताते हुए मांगों को मुख्यमंत्री तक संवेदनशीलता के साथ पहुंचाने का आश्वासन दिया।
छात्र नेताओं ने स्पष्ट किया कि केवल आश्वासन पर्याप्त नहीं है। उन्होंने 10 अगस्त तक प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय और कार्रवाई की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर विधानसभा घेराव पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा। छात्रों ने कहा कि मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा।

