झारखंड सरकार ने JSSC-CGL समेत TDPL द्वारा आयोजित कराई गई सभी परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को मीडिया को इसकी जानकारी दी। इससे पहले प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री ने कैबिनेट के सहयोगी मंत्रियों के साथ करीब तीन घंटे तक बैठक कर परीक्षा रद्द करने के तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की।
सरकार ने छात्र प्रतिनिधियों से उनकी मांगों पर बातचीत के लिए स्टेट गेस्ट हाउस में दोपहर 2 बजे बैठक बुलाई थी, लेकिन मंत्रियों और छात्रों के बीच वार्ता नहीं हो सकी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपने फैसले से छात्र प्रतिनिधियों को अवगत कराएगी।
परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए कमेटी गठित की जाएगी। सीएम ने बताया कि छात्र और अभिभावक पोर्टल के माध्यम से अपने सुझाव दे सकेंगे। सरकार ने TDPL की ओर से आयोजित सभी परीक्षाओं और उससे जुड़ी गतिविधियों को रद्द करने का निर्णय लिया है।

