राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को रद्द कर दिया है। यह फैसला पेपर लीक की आशंका और परीक्षा में बड़े स्तर पर गड़बड़ी के आरोपों के बाद लिया गया है। अब परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान बाद में किया जाएगा। देशभर में 3 मई 2026 को आयोजित हुई इस परीक्षा में लाखों छात्र शामिल हुए थे, लेकिन अब उन्हें दोबारा परीक्षा देनी होगी।
एनटीए ने आधिकारिक नोटिस जारी कर कहा कि भारत सरकार की मंजूरी के बाद NEET (UG) 2026 परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया गया है। एजेंसी के अनुसार, नई परीक्षा तिथि की जानकारी अलग से जारी की जाएगी।
मामले ने तब तूल पकड़ा जब राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) ने खुलासा किया कि परीक्षा से पहले एक कथित “गेस पेपर” अभ्यर्थियों के बीच वायरल हो रहा था। इस पेपर में करीब 410 प्रश्न थे, जिनमें से लगभग 120 सवाल केमिस्ट्री सेक्शन में हूबहू मैच होने का दावा किया गया है।
पेपर लीक की आशंका के बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है। NEET परीक्षा देश के मेडिकल, डेंटल और आयुष कॉलेजों में दाखिले के लिए आयोजित की जाती है।

