असम में भाजपा नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मंच पर मौजूद रहे।
हाल ही में हुए 126 सदस्यीय विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत एनडीए गठबंधन ने प्रचंड जीत दर्ज की है। भाजपा ने अकेले 82 सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि सहयोगी दल असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने 10-10 सीटें जीतीं। इस दो-तिहाई बहुमत के साथ एनडीए ने असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाई है।
असम में भाजपा नेतृत्व वाली सरकार ने 2016, 2021 और अब 2026 में जीत की हैट्रिक लगाई है। 2016 में पहली बार सर्वानंद सोनोवाल के नेतृत्व में सरकार बनी थी। इसके बाद 2021 में हिमंत बिस्व सरमा पहली बार मुख्यमंत्री बने और अब दूसरी बार सत्ता संभाल रहे हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे।

