जेपीएससी-जेएसएससी से जुड़ी मांगों पर सरकार की सहमति के बाद पिछले करीब 24-25 दिनों से जारी छात्र आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। आंदोलन स्थगित होने के बाद छात्रों ने खुशी जाहिर करते हुए राँची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से एल्बर्ट एक्का चौक तक आभार यात्रा निकाली।

आभार यात्रा के दौरान छात्रों ने सरकार और प्रशासन के प्रति धन्यवाद जताया। साथ ही आंदोलन के दौरान उनकी आवाज को प्रमुखता से उठाने वाले मीडिया कर्मियों और प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। छात्रों ने कहा कि उनकी मांगों पर सरकार की सहमति आंदोलन की बड़ी उपलब्धि है।


