जनगणना-2027 के पहले चरण की शुरुआत राज्य में शुक्रवार से हो गई। इस अभियान की शुरुआत स्वयं राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने लोकभवन में स्व-गणना (Self Enumeration) के जरिए अपनी जानकारी दर्ज कर की।
राज्यपाल ने इस मौके पर कहा कि सटीक आंकड़े किसी भी राज्य और देश के विकास की नींव होते हैं। जनगणना के जरिए जुटाई गई जानकारी के आधार पर ही सरकार योजनाएं बनाती है और नीतियां तय करती है।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में मकानों की गणना और हाउस लिस्टिंग का काम किया जाएगा। इस दौरान 33 तरह की अहम जानकारियां जुटाई जाएंगी, जिनमें जनसंख्या, परिवार की संरचना, आवासीय स्थिति और सामाजिक-आर्थिक पहलू शामिल हैं।
लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सभी नागरिक इस राष्ट्रीय अभियान में सहयोग करें और प्रगणकों को सही व पूरी जानकारी दें, ताकि आंकड़े सटीक और उपयोगी बन सकें।
इस अवसर पर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, नगर आयुक्त सुशांत गौरव , निदेशक-सह-मुख्य प्रधान जनगणना पदाधिकारी झारखंड प्रभात कुमार सहित जनगणना से जुड़े कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।

