झारखंड प्रदेश प्रोफेशनल्स कांग्रेस की ओर से होटल बीएनआर चाणक्य में ‘थिंक झारखंड-थिंक फ्यूचर’ के तहत प्रोफेशनल कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के सामाजिक-आर्थिक विकास, रोजगार, उद्योग, शिक्षा और राज्य के भविष्य में प्रोफेशनल्स की भूमिका पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर झारखंड प्रदेश प्रोफेशनल्स कांग्रेस के त्रैमासिक न्यूजलेटर का विमोचन प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू और अभिनेत्री एवं अधिवक्ता कुनिका सदानंद ने संयुक्त रूप से किया। न्यूजलेटर में संगठन के प्रमुख कार्यक्रमों, बैठकों, आंदोलनों और अन्य गतिविधियों को प्रकाशित किया जाएगा।

के. राजू ने कहा कि झारखंड के विकास में प्रोफेशनल्स की भूमिका महत्वपूर्ण है। उनकी विशेषज्ञता और नए विचारों को नीति निर्माण से जोड़कर राज्य के लिए मजबूत विकास रोडमैप तैयार किया जा सकता है। उन्होंने आयोजक आदित्य विक्रम जायसवाल के प्रयासों की सराहना की।
अभिनेत्री एवं अधिवक्ता कुनिका सदानंद ने कहा कि झारखंड की सबसे बड़ी पूंजी उसके बच्चे, युवा और महिलाएँ हैं। उन्होंने युवाओं को बेहतर अवसर और मंच उपलब्ध कराने की जरूरत पर जोर दिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास में प्रोफेशनल समुदाय की भागीदारी जरूरी है। वहीं प्रदीप यादव ने ‘थिंक झारखंड-थिंक फ्यूचर’ जैसे संवाद कार्यक्रमों को राज्य के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।

आयोजक आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि झारखंड के पास संसाधनों की कमी नहीं है, लेकिन अवसरों की कमी है। संसाधनों का वैल्यू एडिशन कर रोजगार और नए अवसर पैदा करने की जरूरत है। उन्होंने प्रोफेशनल्स को साथ लेकर मजबूत आर्थिक नीतियाँ तैयार करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद, भूपेंद्र मरावी, राजेश कच्छप, सुबोधकांत सहाय, आदित्य मल्होत्रा, सीए अनिश जैन, रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल आशीष रंजन प्रसाद समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

