राँची में मॉनसून के दौरान जल जमाव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में वार्ड संख्या-12 के मौलाना आजाद कॉलोनी, गौस नगर, इलाही बक्स कॉलोनी और इदरीय कॉलोनी से गुजरने वाले बड़े नाले की व्यापक सफाई कराई गई।
सफाई अभियान के दौरान नाले से 50 ट्रैक्टर से अधिक गाद निकाली गई। साथ ही नाले के भीतर और किनारों पर उगी झाड़ियों एवं घासों की कटाई भी की गई। नगर निगम की ओर से नाले में जमा गाद और अन्य अवरोधों को हटाकर पानी के बहाव को सुचारू बनाया गया है, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी बेहतर हो सके और जल जमाव की समस्या को रोका जा सके।
नगर निगम ने नागरिकों से नालों और नालियों में कचरा नहीं फेंकने तथा स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है। निगम ने कहा है कि नाली एवं जल निकासी से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए नागरिक टोल फ्री नंबर 18005701235 पर संपर्क कर सकते हैं।

