सखुआ महोत्सव के तहत राँची नगर निगम ने गुरुवार को राँची पहाड़ी मंदिर परिसर में 100 पौधे लगाने के अभियान की शुरुआत की। इस दौरान पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित राँची के संकल्प को आगे बढ़ाया गया।
कार्यक्रम में राँची की महापौर रोशनी खलखो, उपमहापौर नीरज कुमार एवं वार्ड पार्षद सुनील यादव मौजूद रहे। पहाड़ी मंदिर विकास समिति के सदस्य एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर पहाड़ी मंदिर विकास समिति की ओर से महापौर, उपमहापौर एवं वार्ड पार्षद को अंगवस्त्र और पहाड़ी बाबा की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया।

नगर निगम के इस अभियान से पहाड़ी मंदिर परिसर में हरियाली बढ़ने के साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और परिसर के सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। झारखण्ड की पहचान से जुड़े सखुआ वृक्ष के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में भी इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
पहाड़ी मंदिर विकास समिति ने नगर निगम के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि मंदिर परिसर को और अधिक हरा-भरा एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए भविष्य में भी नगर निगम और समिति मिलकर कार्य करेंगे।

