स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले राजकीय समारोह को लेकर गुरुवार को फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न हुआ। समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ध्वजारोहण करेंगे। रिहर्सल के दौरान स्वतंत्रता दिवस के दिन होने वाली सभी औपचारिक गतिविधियों का सटीक अनुकरण किया गया।
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने परेड की सलामी ली और सभी प्लाटून को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान से संबंधित भारत सरकार के निर्देशों का भी अनुपालन किया गया।
समारोह की सुरक्षा और सुचारू संचालन को लेकर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग हुई। अधिकारियों को समय पर अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुँचकर निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।
एसएसपी राकेश रंजन ने समारोह में आने वाले सभी लोगों की सघन जाँच करने और किसी भी अवांछित व्यक्ति को आपत्तिजनक सामग्री के साथ प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिए।

समारोह में शामिल होंगे ये प्लाटून
सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, सीआईएसएफ, ओडिशा पुलिस, झारखण्ड जगुआर, जैप-1, जैप-2, जैप-10, राँची जिला पुलिस पुरुष एवं महिला, झारखण्ड गृहरक्षा वाहिनी तथा एनसीसी गर्ल्स और बॉयज की प्लाटून समारोह में हिस्सा लेंगी। जैप-1, जैप-10 और झारखण्ड गृहरक्षा वाहिनी की बैण्ड पार्टियाँ भी समारोह में शामिल होंगी।


