केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने आज 12वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया। इस वर्ष कुल 85.20 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल घोषित किए गए हैं।
रिजल्ट जारी होते ही राँची समेत देशभर के स्कूलों में खुशी का माहौल देखने को मिला। राँची के डीपीएस, जेवीएम श्यामली और ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल समेत कई स्कूलों में छात्र-छात्राएं मिठाइयां बांटते और एक-दूसरे को बधाई देते नजर आए। अभिभावकों और शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की मेहनत और सफलता की सराहना की।
इस बार राँची के ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल की छात्रा भव्या रंजन ने कला संकाय में 99.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से स्कूल और परिवार में खुशी का माहौल है।

