राँची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 12 दिनों से JPSC, JSSC और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्रों से राज्य सरकार ने वार्ता की पहल की है। बुधवार को एसडीएम कुमार रजत और डीएम लॉ एंड ऑर्डर धनंजय कुमार धरनास्थल पहुंचे और मुख्यमंत्री की ओर से छात्र प्रतिनिधियों को बातचीत का निमंत्रण दिया। सरकार ने पांच छात्र प्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री की बैठक का प्रस्ताव रखा।
हालांकि आंदोलनकारी छात्रों ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार करते हुए स्पष्ट कहा कि यह केवल पांच लोगों का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के युवाओं और प्रतियोगी परीक्षार्थियों का आंदोलन है। छात्रों ने मांग की कि यदि सरकार वास्तव में समाधान चाहती है तो मुख्यमंत्री स्वयं धरनास्थल पर आकर सभी छात्रों के बीच संवाद करें।
छात्रों का कहना है कि केवल वार्ता का निमंत्रण पर्याप्त नहीं है। सरकार को भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं पर ठोस कार्रवाई और उनकी मांगों पर स्पष्ट आश्वासन देना होगा। आंदोलनकारियों ने दोहराया कि जब तक ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। प्रशासन ने बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है। अब सरकार और छात्रों के बीच संभावित वार्ता को आंदोलन के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

