स्वच्छ एवं सुंदर बेड़ो के निर्माण और लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उमंग यूथ क्लब के तत्वावधान में बुधवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का शुभारंभ बेड़ो पंचायत की मुखिया ने किया।
इस दौरान विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। बेड़ो शहर की सड़कों की सफाई के साथ विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली भी निकाली। इसमें डीएवी स्कूल, मॉडल स्कूल, प्रोजेक्ट स्कूल और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
रैली के माध्यम से लोगों से कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की गई।
अभियान में बेड़ो के प्रखंड विकास पदाधिकारी राहुल उरांव का विशेष सहयोग रहा। उमंग यूथ क्लब के रंजन, शशि, पवन, आरती, सृष्टि, कंचन, सुहानी, निफत, दिव्या, अस्निति, खुशी, प्रभा, प्रतीक, यश, अनमोल और नमन ने सक्रिय भूमिका निभाई।
अभियान में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन का भी सहयोग रहा। आयोजकों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नियमित जिम्मेदारी है। बच्चों, युवाओं, प्रशासन, विद्यालयों और समुदाय की सामूहिक भागीदारी से ही बेड़ो को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाया जा सकता है।

