राँची नगर निगम का 47वाँ स्थापना दिवस मंगलवार को निगम कार्यालय के आठवें तल पर समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार, नगर आयुक्त सुशांत गौरव एवं सेवानिवृत्त निगम कर्मियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर की।
इस अवसर पर महापौर ने निगम के सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को बेहतर और सुगम नागरिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए निगम लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कर्मियों से नागरिकों के साथ सरल और विनम्र व्यवहार करने तथा जनहित से जुड़े दायित्वों का तत्परता से निर्वहन करने की अपील की।
उप महापौर नीरज कुमार ने भी निगम कर्मियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएँ उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ काम करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अपर प्रशासक संजय कुमार, सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. आनंद शेखर झा समेत निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

